Wednesday 1 August 2018

दिल्ली महिला आयोग, ने दिल्ली पुलिस,की मदद से 39 नेपाली लड़कियों को पहाड़ गंज होटल से छुड़ाया।

1अगस्त 2018
नई दिल्ली:


दिल्ली महिला आयोग ने 39 और नेपाली लड़कियों को पहाड़गंज होटल से छुड़ाया

दिल्ली महिला आयोग ने एक सुराग के आधार पर पहाड़गंज के होटल हृदय इन पर छापा मारकर दिल्ली पुलिस की मदद से वहां से 39 नेपाली लड़कियों को छुड़ाया। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्षा स्वाति मालीवाल रात के 1.30 बजे मौके पर पहुंचीं। होटल में रेड पूरी रात चली और दिल्ली पुलिस ने रेड में सहायता की। पूरे होटल में केवल तस्करी करके लायी गयी लड़कियां थीं जिनको खाड़ी देश भेजा जा रहा था। राजधानी में फिर से एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ।

वहां से छुड़ाई गयी लड़कियों की उम्र 18 से 30 साल की है और उनको नेपाल के भूकंप प्रभावित क्षेत्रों से नौकरी दिलाने के नाम पे तस्करी करके लाया गया था। उस होटल में केवल नेपाली लड़कियां ही थीं और उनसे होटल में ठहरने का कोई पैसा नहीं लिया गया था। उनके एजेंट ही उनके बिल भरते थे। लड़कियों को खाड़ी देश और श्रीलंका भेजा जा रहा था। पूनम (नाम बदला हुआ) ने आयोग की अध्यक्ष को बताया कि तस्करों ने उसकी बहन को पहले ही श्रीलंका भेज दिया था और तब से उसकी अपनी बहन से कोई बात नहीं हो पाई है। उसने बताया कि वह तस्करों से अपना पासपोर्ट देने और उसको नेपाल लौटने की प्रार्थना कर रही है मगर वह उसको नहीं जाने दे रहा। ज्यादातर लड़कियों ने अपनी ऐसी ही कहानी सुनाई।

लड़कियों को मुक्त करवाने के बाद उनको 11 बजे पुलिस स्टेशन लाया गया और उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। मगर अब तक पुलिस ने उनको शेल्टर होम नहीं भेजा है और उनको थाने में ही इंतज़ार करवाया जा रहा है। आयोग अध्यक्ष इस बात से बहुत दुःखी हैं और उन्होंने कहा कि लंबे समय तक थाने बैठने और इंतज़ार करने की वजह से लड़कियां थक गई हैं, उनको इस तरह से इंतज़ार करवाना ठीक नहीं है।

यह पिछले एक हफ्ते में दिल्ली महिला आयोग द्वारा किया गया तीसरा रेस्क्यू आपरेशन था और अब तक 3 अलग अलग जगहों मुनिरका, मैदानगढ़ी और पहाड़गंज से 73 नेपाली लड़कियों को छुड़ाया जा चुका है।

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा, "नेपाल की गरीब लड़कियों का शोषण किया जा रहा है। दिल्ली अब धीरे धीरे 'ट्रैफिकिंग कैपिटल' बनती जा रही है। देश के गृहमंत्री राजनाथ सिंह जी कब इस मामले में संज्ञान लेंगे? मैं राजनाथ जी से अनुरोध करती हूँ कि उपराज्यपाल और दिल्ली महिला आयोग के साथ दिल्ली में मानव तस्करी के मामले में एक आपातकालीन बैठक लें।
इन लड़कियों के पास कोई पैसा नहीं है। मैं नेपाल की सरकार और नेपाल में काम कर रहे गैर सरकारी संगठनों से अपील करती हूँ कि इनको नौकरी दिलाई जाए ताकि ये लोग फिर से इन तस्करी मे न फंसें।"




सीनियर फोटोग्राफर एवं रिपोर्टर
नरेन्द्रकुमार

No comments:

Post a Comment

थाना साउथ रोहिणी के स्टाफ ने चोरी की स्कूटी और चाकू सहित अपराधी को धर दबोचा।

07 अगस्त 2022 नरेन्द्र कुमार नई दिल्ली:15 अगस्त को ध्यान में रखते हुए दक्षिण रोहिणी क्षेत्र में सड़क अपराध को रोकने के लिए, एसीपी अर्जुन सिं...